सारनाथ पुलिस का बड़ा खुलासा, लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

9

सारनाथ थाना पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है वहीं पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए सामान और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटे पूर्व तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के पास रखी नकदी लूट ली और दबाव बनाकर उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से करीब 91 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए थे मामले में पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सारनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनीश कुमार निवासी चोलापुर, धीरज यादव निवासी सिंधोरा तथा अनिकेत यादव निवासी चोलापुर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो अभियुक्त पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश करते हुए घटना में प्रयुक्त सामान और बरामदगी की जानकारी साझा की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।