100 मीटर तक घसीटती रही थार, महिला-बच्ची समेत तीन की मौत

5
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुलनपुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक खुशहाल परिवार को पलभर में उजाड़ दिया हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी देखा उसकी रूह कांप उठी सड़क पर चीख-पुकार, बिखरी बाइक और लोगों की भीड़ पूरा इलाका देर रात तक मातम में डूबा रहा।

जानकारी के मुताबिक, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और अपनी 5 वर्षीय मासूम बेटी के साथ मोढैला गांव में आयोजित एक रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं परिवार में खुशी का माहौल था और कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक भुलनपुर स्थित जीटी रोड पर पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित थार जीप ने जोरदार टक्कर मार दी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और थार जीप बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
इस भीषण हादसे में महिला सोनी राजभर और उनकी 5 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन जिंदगी और मौत से जूझ रहे मनीष ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है जिनका उपचार जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जिस घर में कुछ घंटे पहले खुशी का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है मासूम बच्ची की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। पुलिस ने हादसे के बाद थार जीप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है वहीं चालक की तलाश की जा रही है शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार पर लगाम कब लगेगी क्योंकि कुछ सेकंड की लापरवाही कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए उजाड़ दे रही है।