वार्ड संख्या-43 में बड़े नलकूप का शिलान्यास, जलापूर्ति व्यवस्था होगी और मजबूत

6

वाराणसी के पिशाचमोचन क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बेहतर और सुचारु पेयजल आपूर्ति की सुविधा मिलने जा रही है। क्षेत्र में लंबे समय से जलापूर्ति को लेकर आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को वार्ड संख्या-43 स्थित पिशाचमोचन आजाद पार्क मजदूर संघ कार्यालय के सामने एक बड़े नलकूप का शिलान्यास किया गया।

इस नलकूप का शिलान्यास वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही गर्मी के मौसम में पानी की कमी और जलापूर्ति संबंधी परेशानियों से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह “डब्बू”, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष अनुपम मौर्य, महामंत्री अमित कुमार सोनी, मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, पार्षद मनीष कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य लगातार किया जा रहा है। क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बड़े नलकूप के निर्माण से पिशाचमोचन क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ पिशाचमोचन क्षेत्र में बड़े नलकूप के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर जलापूर्ति की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।