
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वाराणसी के बेनियाबाग स्थित योग शिक्षण संस्थान ने योग के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया है। संस्थान के संस्थापक राजकुमार जायसवाल ने कहा कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और भावनात्मक मजबूती के लिए भी बेहद आवश्यक है।

राजनारायण स्मृति उपवन, बेनियाबाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजकुमार जायसवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हम सभी को स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र को स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सकता है।
योग सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभदायक है, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। योग से शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।योग शिक्षण संस्थान ने लोगों से अपील की है कि वे नियमित रूप से योग को अपनाएं और स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।






