मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर की गिरफ्तारी, शादी का झांसा देकर 4 साल तक शोषण का आरोप

7

वाराणसी में एक सनसनीखेज मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के सुरक्षा दस्ते में तैनात सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रशांत राय (29) पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने करीब चार साल तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए रखे। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन हर बार उस पर दबाव डालकर गर्भपात कराया गया। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी उसके साथ लगभग दो वर्षों तक लिव-इन में रहा। मामले ने तब तूल पकड़ा जब युवती को सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि आरोपी ने 25 अप्रैल को प्रयागराज में चुपचाप शादी कर ली है। इस बारे में पूछने पर आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद 4 मई को पीड़िता ने सारनाथ थाना, वाराणसी में पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया और साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मूल रूप से मिर्जापुर का रहने वाला है और पिछले दो साल से मंत्री की सुरक्षा में तैनात था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।