वाराणसी आगामी ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दे रही है त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सोमवार को पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया गया।

इस दौरान डीआईजी शिव हरि मीणा,डीसीपी काशी गौरव बंसवाल,एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह , इंस्पेक्टर चेतगंज वीके शुक्ला तथा इंस्पेक्टर लक्सा राजू कुमार भारी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे अधिकारियों ने बेनियाबाग से लेकर गोदौलिया तक शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा

पुलिस टीम ने कई स्थानों पर रुककर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए बाजारों में आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरतने को कहा गया इसके अलावा प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

डीआईजी शिव हरि मीणा ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है किसी भी प्रकार की अराजकता माहौल खराब करने की कोशिश या सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ,

बकरीद को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और सुरक्षा समीक्षा बैठकें की जा रही हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।







