वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर पुलिस कमिश्नर का एक्शन, 681 वाहनों का चालान

9

वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया और लहरतारा से लेकर कछवां रोड तक यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने साफ शब्दों में कहा कि हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध स्टैंड और अव्यवस्थित यातायात किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लहरतारा अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड, सड़क किनारे खड़ी बसों और यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर पुलिस कमिश्नर ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बौलिया तिराहे, मोहनसराय, मातलदेई कट और सर्विस लेन पर रांग साइड चलने वाले वाहनों, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाने के आदेश दिए गए।

कछवां रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर भी पुलिस कमिश्नर ने चिंता जताई। उन्होंने थाना प्रभारी मिर्जामुराद और चौकी प्रभारी कछवां रोड को अव्यवस्थित वाहनों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी क्रम में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना नंबर प्लेट, रांग साइड और अवैध रूप से मॉडिफाई नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 27 वाहन सीज़ किए गए, जबकि 681 वाहनों का चालान कर 13 लाख 35 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही पांच अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।