घाटों की सुरक्षा पर सख्त पुलिस कमिश्नर, पैदल गश्त कर दिए कड़े निर्देश

14

दशाश्वमेध से गोदौलिया तक किया निरीक्षण, 22 वाहन सीज़, 529 चालान; 58 नावें भी जब्त

 


वाराणसी शहर के प्रमुख गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल मंगलवार को खुद सड़कों और घाटों पर उतरे। उन्होंने दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, नमो घाट और अस्सी घाट क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इस दौरान अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी के घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाट क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता और जनसहयोग के साथ प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गंगा केवल जलधारा नहीं बल्कि देश की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। घाटों और नदी क्षेत्र में नशीले पदार्थों का सेवन तथा गंदगी फैलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया तक पैदल गश्त कर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नमो घाट से अस्सी घाट तक निरीक्षण के दौरान एनडीआरएफ और जल पुलिस को सतर्क एवं सक्रिय रहने को कहा गया। घाटों पर स्थापित सुरक्षा उपकरणों को अद्यावधिक रखने तथा नाविकों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

गंगा में स्टंट और खतरनाक करतब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही जल विहार करने वाले सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य कर दी गई है। श्रद्धालुओं को डूबने की घटनाओं से बचाने के लिए घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

जल पुलिस और एनडीआरएफ द्वारा नाविकों एवं श्रद्धालुओं को लगातार सुरक्षा और आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार नियमों की अनदेखी करने वाले नाविकों के खिलाफ अब तक 31 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं तथा 58 नावों को सीज़ किया गया है।

वहीं “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन और अतिक्रमण के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया गया। विशेष चेकिंग अभियान में 22 वाहनों को सीज़ किया गया, जबकि 529 वाहनों का चालान कर कुल 10 लाख 62 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।