
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वाराणसी के राजनारायण बेनिया पार्क में काशी रोलर स्केटिंग क्लब की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्केटर बच्चों ने स्केटिंग करते हुए योग का संदेश दिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। योग प्राकृतिक उपचार का एक महत्वपूर्ण आधार है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काशी रोलर स्केटिंग क्लब के कोच मोहम्मद सईद के नेतृत्व में बच्चों ने स्केटिंग के माध्यम से योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में बच्चों ने योग और फिटनेस के महत्व को दर्शाते हुए लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।

कोच मोहम्मद सईद ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसकी शुरुआत का श्रेय महान योगाचार्य महर्षि पतंजलि को जाता है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर मोहम्मद फैज, गगन अग्रहरि, अन्वेषिका सिन्हा, अजमा फातिमा, उमंग कपूर, ऋत्विक कपूर, सिद्धि यादव, ॐ कपूर, विवान केशरी सहित बड़ी संख्या में स्केटर बच्चों ने भाग लिया और योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।स्केटिंग और योग के इस अनूठे संगम ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बच्चों का यह प्रयास आकर्षण का केंद्र रहा






