वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और एसओजी टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है यह गिरोह टेलीग्राम, ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लालच देकर करोड़ों रुपये का सट्टा कारोबार चला रहा था।

पुलिस उपायुक्त अपराध के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एसओजी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ किया जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के जरिए सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे थे इसके माध्यम से आम लोगों को आईपीएल क्रिकेट मैचों में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 17 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और एक क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट/लेजर बरामद किया है बरामद उपकरणों की जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले युवक शामिल हैं पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था और ऑनलाइन माध्यम से बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी का संचालन किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी टेलीग्राम ग्रुप और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जोड़ते थे और फिर उन्हें सट्टेबाजी के लिए प्रेरित करते थे मामले में वित्तीय लेन-देन और क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है
फिलहाल सभी 13 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है और जांच के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।






