वाराणसी पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए पीतल के घंटे की बरामदगी करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में थाना चेतगंज पुलिस टीम लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना चेतगंज पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 119/2026 धारा 305(d) बीएनएस से संबंधित आरोपी विजय डोम उर्फ तेजल सिंह पुत्र आगरेलाल निवासी छोटी मलदहिया थाना चेतगंज को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को चौकाघाट फ्लाईओवर ब्रिज के पास सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के समीप से शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक अदद पीतल का घंटा भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी 08 मई 2026 की रात लगभग 11:25 बजे की गई।
पुलिस के मुताबिक 08 मई 2026 को वादी द्वारा थाना चेतगंज में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात चोर द्वारा पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और पीतल का घंटा चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर थाना चेतगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी विजय डोम उर्फ तेजल सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर चोरी, चोरी का माल रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ जीआरपी वाराणसी में वर्ष 2016 और 2019 में चोरी एवं एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक राहुल बरनवाल, कांस्टेबल पुनीत कुमार, अमित कुमार तथा नंद किशोर पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






