
वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए SOG-2 यूनिट को भंग कर दिया गया। यूनिट में तैनात सभी कर्मियों को पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही नई रणनीति के तहत इसका पुनर्गठन किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब वही अधिकारी थानाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, जो अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, विवेचना और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। निष्क्रियता और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन अधिकारियों के हुए तबादले
निरीक्षक प्रमोद कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया।
निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा को थाना साइबर क्राइम से मिर्जामुराद थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा को कैंट थाने से हटाकर सिगरा थाने की जिम्मेदारी दी गई।
निरीक्षक संजय कुमार मिश्र को सिगरा से रामनगर थाने भेजा गया।
निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय को रामनगर से कैंट थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह को रोडवेज चौकी, सिगरा से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया।
उपनिरीक्षक विकास सिंह, जो पुलिस आयुक्त के पीआरओ थे, उन्हें रोडवेज चौकी प्रभारी सिगरा बनाया गया।
सैनिक सम्मेलन में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। एनपीएस, आवास, मूलभूत सुविधाओं और कर्मचारी कल्याण से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। रिक्रूट आरक्षियों के आवास एवं एचआरए संबंधी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
रिक्रूट आरक्षियों को मिलेगा व्यवहारिक प्रशिक्षण
अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि नए भर्ती आरक्षियों को सोशल मीडिया पॉलिसी की पूरी जानकारी दी जाए तथा उसका सख्ती से पालन कराया जाए।
इसके अलावा प्रतिदिन 6 घंटे इनडोर और 6 घंटे आउटडोर प्रशिक्षण देकर उन्हें बीट ड्यूटी, जनसंपर्क, थाना संचालन और क्षेत्रीय जिम्मेदारियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीएनएस, ग्राम अपराध रजिस्टर, एचएस रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, एनसीआर रजिस्टर और गुमशुदगी रजिस्टर जैसे अभिलेखों की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
पुलिस आयुक्त ने RTC (Reducing Traffic Congestion) योजना के तहत चिन्हित दस प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। ट्रैफिक मार्शलों और थाना प्रभारियों को समन्वय बनाकर जाम की समस्या कम करने को कहा गया।
तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, रांग साइड और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
साथ ही ZFD (Zero Fatality District) अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
महिला अपराध और गैंगस्टर कार्रवाई पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने गोतस्करी, चोरी, नकबजनी, साइबर अपराध, एनडीपीएस और धोखाधड़ी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने तथा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा व्यापारियों, उद्योग बंधुओं, पेंशनर्स और आम नागरिकों के साथ नियमित बैठकें कर उनकी समस्याएं सुनने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल प्राथमिकता से रिसीव करने और हर घटना की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को देने पर भी जोर दिया गया।
आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को देखते हुए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।






